पियरका चाचा को माफिया पसंद हैं, तोहफे में बृजेश सिंह को देंगे मऊ सीट!
Tripathi Gyanendra ( लखनऊ ): यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भले ही हर माफिया को जमींदोज करने की बात करते हों लेकिन उन्हीं के कैबिनेट के मंत्री पियरका चाचा ओमप्रकाश राजभर को माफिया खूब रास आते हैं। पियरका चाचा पहले माफिया मुख्तार पर फिदा थे अब माफिया बृजेश सिंह पर लट्टू हैं। पियरका चाचा बृजेश सिंह पर इस कदर लट्टू हैं कि बृजेश और अपने रिश्ते को पूरे देश में सबसे अच्छा बताते फिर रहे हैं। ऐसे में ये कयास तेज हो चली है कि चाचा मऊ सीट माफिया बृजेश सिंह को तोहफे में देंगे!
पियरका चाचा की बहुचर्चित उपाधि से अलंकृत सुभासपा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर से माफिया मुख्तार के रिश्ते तो आप सभी को मालूम ही होंगे। लेकिन अब एक नया अपडेट ओमप्रकाश राजभर ने दिया है। हुआ यूं कि मंगलवार को यूपी के कैबिनेट मंत्री पियरका चाचा मऊ पहुंचे। ये वही वाली मऊ सीट है जिसे ओमप्रकाश राजभर ने माफिया मुख्तार अंसारी के नाम गिरवी रखी थी। पिछले चुनाव में यहां से मुख्तार का बेटा राजभर की पार्टी से चुनाव लड़ा था और विधायक बना था। अब कोर्ट के आदेश पर उसकी विधायकी जा चुकी है। ऐसे में इस सीट पर पहुंचे ओमप्रकाश ने मुख्तार के घोर विरोधी माफिया बृजेश सिंह से अपने रिश्ते की प्रगाढ़ता का खुलासा कर सनसनी फैला दी। राजभर ने माफिया से नेता बने बृजेश सिंह के साथ अपने रिश्तों को "पूरे देश में सबसे अच्छा" बताते हुए सियासी हलचल तेज कर दी है। मऊ में संभावित उपचुनाव के लिए ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पार्टी की 100% दावेदारी ठोकते हुए NDA गठबंधन के सहयोगियों पर भरोसा जताया, लेकिन भाजपा को दरकिनार करने की बात कहकर नया विवाद भी खड़ा कर दिया है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा, मऊ में उपचुनाव की स्थिति बन रही है, और हमारी पार्टी 100% दावेदारी करेगी। हमें अपने NDA सहयोगियों पर पूरा भरोसा है। बृजेश सिंह के साथ संबंधों पर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा, बृजेश सिंह से मेरे रिश्ते पूरे देश में सबसे अच्छे हैं. हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या बृजेश सिंह सुभासपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। जब उनसे मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी की सदस्यता पर सवाल किया गया तो पियरका चाचा ने कहा कि कोर्ट का जो आदेश आएगा, उसके आधार पर उपचुनाव की तैयारी है। अब्बास अंसारी समाजवादी पार्टी के नेता हैं, और उनकी सदस्यता खत्म होने तक वे सपा के विधायक रहेंगे। यह चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में दर्ज है। राजभर ने यह भी दोहराया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अब्बास को सुभासपा का टिकट अखिलेश यादव के दबाव में देना पड़ा था।
अखिलेश यादव पर ओमप्रकाश का तीखा हमला
ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश रात भर सोचते हैं। इसलिए बोलते वक्त रात ही याद आती है। चार बार उनकी सरकार रही, लेकिन सभी जातियों की उपेक्षा की गई। हमें इन जातियों का हक चाहिए। इटावा के कथावाचक विवाद पर अखिलेश के रुख को लेकर राजभर ने कहा कि क्या अखिलेश को ब्राह्मणों का वोट नहीं चाहिए? उन्होंने यादव रेजिमेंट को सड़क पर उतारकर पुलिस पर पथराव करवाया। पूरा देश वीडियो देख रहा है कि वे यादव बनाम ब्राह्मण की राजनीति कर रहे हैं।
रामजी लाल सुमन और भीम आर्मी पर सधा जवाब
रामजी लाल सुमन मामले में राजभर ने अखिलेश पर सवर्ण बनाम दलित की राजनीति करने का आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि अखिलेश इस तरह की सियासत में जुटे हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगे। भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर रावण की हिरासत पर राजभर ने कहा कि यह शासन-प्रशासन का मामला है। अगर उनके जाने से माहौल बिगड़ने की आशंका है, तो प्रशासन कार्रवाई करता है।